Mewar University में नर्सिंग कोर्स की मान्यता पर हंगामा, छात्र ने आत्मदाह की कोशिश की
चित्तौड़गढ़। जिले के गंगरार उपखंड में स्थित मेवाड़ यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग कोर्स की मान्यता को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को उग्र हो गया। डिग्री की मान्यता की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कश्मीरी छात्रों में से एक छात्र ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए 17 छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर छात्र यूनिवर्सिटी कैंपस में नारेबाजी करते हुए डिग्री की मान्यता की मांग कर रहे थे। इसी दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और एक छात्र ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए 17 छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शन के दौरान कई छात्र भावुक हो गए। कुछ छात्र रोते हुए पुलिस और प्रशासन से गुहार लगाते नजर आए। छात्रों का कहना था कि यदि उनकी डिग्री की मान्यता नहीं होगी तो उनका भविष्य बर्बाद हो जाएगा। छात्र रोते हुए कह रहे थे कि हमारे माता-पिता परेशान हैं, हमने वर्षों मेहनत करके पढ़ाई की है। अगर डिग्री की कोई मान्यता नहीं रही तो हम क्या करेंगे।
छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्होंने विज्ञापनों के आधार पर मेवाड़ यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग कोर्स में प्रवेश लिया था। विज्ञापन में कोर्स को मान्यता प्राप्त बताया गया था लेकिन बाद में पता चला कि इस कोर्स को राजस्थान नर्सिंग काउंसिल और इंडियन नर्सिंग काउंसिल से मान्यता नहीं मिली है। छात्रों का कहना है कि इन संस्थाओं की मान्यता के बिना उनकी डिग्री वैध नहीं मानी जाएगी। इससे वे न तो अस्पतालों में रजिस्ट्रेशन कर पाएंगे और न ही नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे। ऐसे में छात्रों की मांग है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन जल्द से जल्द कोर्स को मान्यता दिलाए या फिर छात्रों को मुआवजा दिया जाए। छात्रों ने बताया कि वे वर्ष 2022 बैच के हैं और इस समय उनका अंतिम सेमेस्टर चल रहा है। उनका आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन लगातार आश्वासन दे रहा है। कभी मामला प्रक्रिया में होने की बात कही जाती है तो कभी विधानसभा सत्र के बाद मान्यता मिलने का भरोसा दिया जाता है। मामले को लेकर गंगरार थाना प्रभारी श्यामराम ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान एक छात्र ने पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने समय रहते उसे रोक लिया। इसके बाद 17 छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सभी छात्र जम्मू-कश्मीर के निवासी बताए जा रहे हैं।
ईरान से दूरी क्यों बना रहा चीन, क्या है असली वजह
नर्सिंग फर्जीवाड़ा: 30 हजार छात्रों के रिजल्ट पर रोक
बंगाल में वोटर लिस्ट विवाद: 90 लाख नाम हटाने पर सियासी तूफान
बीजापुर से सोनमपल्ली जा रहे मजदूरों से भरा पिकअप पलटा, 29 घायल
बारामती उपचुनाव में कांग्रेस नहीं उतारेगी उम्मीदवार, अजित पवार को श्रद्धांजलि
Udaipur बना विश्व शांति का केंद्र, 108 देशों में एक साथ उठी आवाज
BCB में नेतृत्व बदलाव, तमीम इकबाल बने अध्यक्ष
सुनील गावस्कर ने डेविड मिलर का किया बचाव