रिपोर्ट में दावा: अगर बुमराह एशिया कप खेलते हैं, तो वेस्ट इंडीज के खिलाफ टेस्ट से बाहर रहेंगे
नई दिल्ली : भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चाहे खेलें या न खेलें, वह अक्सर चर्चा में रहते हैं। उन्हें शुक्रवार को इंग्लैंड दौरे पर गई टीम से रिलीज कर दिया गया, क्योंकि वह पांचवें टेस्ट का हिस्सा नहीं हैं। अब उनको लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, अगले महीने शुरू होने वाले एशिया कप में बुमराह के खेलने पर सस्पेंस है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगर वह एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में खेलते हैं तो आगे की सीरीज में उनके खेलने पर संशय बना रहेगा। ऐसे में बुमराह को एशिया कप से आराम दिया जा सकता है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर को लेना है। एशिया कप की शुरुआत नौ सितंबर से होने जा रही है। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 14 सितंबर को है।
बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के दौरान तीन टेस्ट का कोटा पूरा करने के बाद शुक्रवार को राष्ट्रीय टीम से रिलीज कर दिया गया और अब भारतीय क्रिकेट के हितधारकों ने उनकी अगली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर चर्चा शुरू कर दी है। 31 वर्षीय बुमराह ने तीन मैचों में 119.4 ओवर गेंदबाजी की और 14 विकेट लिए। बीसीसीआई ने शुक्रवार को विज्ञप्ति में कहा, 'जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पांचवें टेस्ट के लिए भारतीय टीम से रिलीज कर दिया गया है। बुमराह ने हेडिंग्ले और लार्ड्स टेस्ट मैचों में पारी में पांच विकेट लिए। हालांकि, मैनचेस्टर में बुमराह ने अपने करियर में पहली बार एक पारी में 100 से ज्यादा रन भी खर्च किए। बुमराह के अब 48 टेस्ट में 219 विकेट हो गए हैं।
भारत की लंदन रवानगी से पहले चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर ने पुष्टि की थी कि अपने कार्यभार प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए यह तेज गेंदबाज तीन से अधिक टेस्ट नहीं खेलेगा। अब सवाल यह उठता है कि बुमराह आगे कौन सा प्रारूप खेलेंगे? भारत को एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में भाग लेना है और अगर बुमराह इसके लिए चुने जाते हैं तो उनके एशिया कप के बाद एक हफ्ते के अंदर वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में खेलने की संभावना कम हो जाएगी।
एशिया कप का समापन 29 सितंबर को होगा और वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट दो अक्तूबर से अहमदाबाद में शुरू होगा। इसके बाद भारत को नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, 'यह मुश्किल फैसला होगा। बुमराह को टेस्ट क्रिकेट पसंद है और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक दांव पर लगे हैं। जहां तक टी20 का सवाल है तो वह जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में खेल सकते हैं, जो टी20 विश्व कप के लिए ड्रेस रिहर्सल होगा।'
उन्होंने कहा, 'अगर बुमराह एशिया कप खेलते हैं और मान लीजिए भारत फाइनल खेलता है तो वह वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में नहीं खेल सकेंगे। जाहिर है, सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या आपको वेस्टइंडीज के खिलाफ बुमराह की जरूरत है या वह एक महीने के ब्रेक के बाद एशिया कप खेलें और फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में आराम कर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलें। यह फैसला अजीत अगरकर और गौतम गंभीर को करना होगा।' बुमराह के अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप तक सीमित ओवर के ज्यादा मैच खेलने की उम्मीद नहीं है।
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी! जून में 1 करोड़ 12 लाख रुपये की राहत
एमपी में मेहरबान मानसून, 60 घंटे से जारी बारिश; 17 जिलों में अलर्ट
महाकाल की शरण में पहुंचीं रूपाली गांगुली, भस्म आरती में हुईं शामिल
PM मोदी सख्त: पेपर लीक के आरोपियों को जल्द सजा दिलाने के लिए बनेगा फास्ट ट्रैक कोर्ट
सपा के वरिष्ठ नेता और पांच बार के विधायक आलमबदी नहीं रहे, 92 वर्ष की उम्र में निधन
खाटूश्यामजी से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, दो की दर्दनाक मौत
सावन में ओंकारेश्वर दर्शन का प्लान है? पहले पढ़ लें मंदिर प्रशासन का नया फैसला
DMRC अलर्ट: आज इन मेट्रो स्टेशनों पर नहीं रुकेगी ट्रेन, यात्रा से पहले देखें लिस्ट
राजस्थान में मानसून का प्रचंड कहर, ब्यावर में 9 इंच बारिश; दो दिन भारी से अतिभारी बरसात का अलर्ट