लोकसभा चुनाव 2024 की घोषणा से ठीक पहले भारत सरकार के रक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह बुधवार को भारतीय जनता पार्टी सारण क्लस्टर बैठक में शामिल होने के लिए सिवान पहुंचेंगे। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है।

डीएम व एसपी ने लिया कार्यक्रम स्‍थल का जायजा

मंगलवार को डीएम मुकुल कुमार गुप्ता व एसपी अमितेश कुमार ने संयुक्त रूप से पुलिस लाइन में बने हेलीपैड व शहर के परी वाटिका स्थित होटल अशोका रेसीडेंसी कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।

इस दौरान पदाधिकारियों ने सुरक्षा की तैयारी का भी अवलोकन किया। साथ ही फ्लीट का डेमो किया गया। साथ ही पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। वहीं दूसरी ओर उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भी तैयारी पूरी कर ली गई है।

रक्षा मंत्री का सिवान पहुंचना अहम

लोकसभा चुनाव से पहले उनका सिवान पहुंचना कई मायनों में अहम माना जा रहा है। यह दौरा राजनीतिक और सामरिक दोनों ही दृष्टि से काफी महत्व रखती है।

डीएम ने बताया कि बुधवार की दोपहर 2.30 बजे रक्षा मंत्री का विशेष हेलीकाप्टर शहर के पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर लैंडिंग करेगा, जहां चयनित 15 लोगों द्वारा गुलाब का फूल देकर उनका स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद उनका काफिला कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेगा, जहां पहुंचने के बाद वह जलपान करेंगे और इसके बाद आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर आयोजित परिचर्चा में भाग लेंगे।

बैठक में ये सभी रहेंगे शामिल

बैठक की समाप्ति के बाद वे पुन: हेलीपैड पहुंचकर अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो जाएंगे। कार्यक्रम के संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि सारण क्लस्टर बैठक में सारण प्रमंडल के छपरा, महाराजगंज, सिवान एवं गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र के वर्तमान सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधान पार्षद एवं लोकसभा कोर कमेटी के सदस्य शामिल रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुनिल कुमार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार सिंह, भूमि सुधार उप समाहर्ता सह गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी शहबाज खान, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।